उज्जैन। महाकाल मंदिर परिसर स्थित नागचंद्रेश्वर मंदिर में सोमवार को दर्शन के लिए लगी लंबी कतार के बीच करंट फैलने की अफवाह से अचानक अफरा-तफरी मच गई। घबराए श्रद्धालुओं के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जिसमें कई लोग गिरकर और बैरिकेडिंग से टकराकर घायल हो गए।
घटना हरसिद्धि मंदिर चौराहे के पास बैरिकेडिंग क्षेत्र में हुई। करंट की बात फैलते ही कतार में खड़े लोगों में दहशत फैल गई और कई श्रद्धालु सुरक्षित स्थान की ओर जाने लगे। घायलों को उपचार के लिए चरक अस्पताल पहुंचाया गया।
नागपंचमी के अवसर पर नागचंद्रेश्वर मंदिर के कपाट साल में सिर्फ एक बार 24 घंटे के लिए खुलते हैं। इसी वजह से दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उज्जैन पहुंचे थे।
घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने स्थिति को संभाला। मंदिर समिति ने भी श्रद्धालुओं से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है।
