Spread the love

 

बिलासपुर। लगातार बारिश के बीच बिलासपुर जिले के ग्रामीण मार्गों की स्थिति चिंताजनक होती जा रही है। माझवानी-केंदा-बेलगहना मार्ग से लेकर माझवानी-पेंड्रा गौरेला सड़क पर बांसाझाल के आगे कई स्थानों पर बड़े गड्ढों में पानी भर गया है। इससे सड़क पर आवागमन करने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बारिश के पानी से गड्ढों की गहराई दिखाई नहीं देने के कारण वाहन चालकों के लिए खतरा और बढ़ गया है। दोपहिया वाहन चालकों को फिसलने तथा गड्ढों में वाहन फंसने की आशंका बनी हुई है। वहीं बसों और भारी वाहनों के गुजरने से सड़क पर जमा पानी आसपास से गुजरने वाले राहगीरों के लिए भी परेशानी पैदा कर रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क की स्थिति लंबे समय से खराब है, लेकिन अब बारिश के दौरान समस्या और गंभीर हो गई है। लोगों का कहना है कि सड़क की मरम्मत केवल अस्थायी तौर पर करने के बजाय स्थायी समाधान किया जाना चाहिए।

ग्रामीणों और राहगीरों ने संबंधित विभाग से सड़क की स्थिति का निरीक्षण कर जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते गड्ढों को नहीं भरा गया तो बारिश के मौसम में किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।