Spread the love

जांजगीर-चांपा। अकलतरा थाना क्षेत्र के ग्राम पोड़ीदहला पहाड़ में 17 अगस्त को होने वाले नागपंचमी मेले को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था तेज कर दी है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में नवपदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जांजगीर डॉ. यूलैंडन यार्क ने पोड़ीदहला पहुंचकर मेला स्थल और आसपास के इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संभावित भीड़ वाले स्थानों की स्थिति देखी और सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली।

मेला समिति और पहाड़ी मित्रों से चर्चा

निरीक्षण के दौरान ASP डॉ. यूलैंडन यार्क ने मेला आयोजन समिति तथा पहाड़ी मित्रों के साथ चर्चा की। श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ को नियंत्रित करने और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए पुलिस, समिति और स्थानीय सहयोगियों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया।

युवाओं और अभिभावकों से पुलिस की अपील

पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे भीड़भाड़ वाले मेले में हाथ में चूड़ा या कड़ा पहनकर न आएं, ताकि किसी अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सके।

वहीं अभिभावकों से कहा गया है कि वे छोटे बच्चों को मेले में अकेले न भेजें और भीड़ के दौरान उनकी सुरक्षा पर विशेष नजर रखें। श्रद्धालुओं से पुलिस और मेला समिति के निर्देशों का पालन करने तथा किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील भी की गई है।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि नागपंचमी मेले को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा तैयारियां लगातार जारी रहेंगी।