रायपुर, 5 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, किसान और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर आम आदमी पार्टी सोमवार, 7 सितंबर को रायपुर में बड़ा धरना-प्रदर्शन करने जा रही है।
AAP के मुताबिक, प्रदर्शन सुबह 11 बजे नलघर चौक, रायपुर प्रेस क्लब के पास आयोजित किया जाएगा। प्रदेश प्रभारी एवं दिल्ली के सुल्तानपुर माजरा से विधायक मुकेश अहलावत के नेतृत्व में होने वाले इस प्रदर्शन में पार्टी के कार्यकर्ता शामिल होंगे।
पार्टी ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में सुधार, स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने, खराब सड़कों की समस्या दूर करने, किसानों से जुड़े मुद्दों, बिजली बिलों से राहत, अवैध नशे के कारोबार पर रोक तथा प्रदेश में बढ़ रही चाकूबाजी और हत्याओं को लेकर सरकार के सामने 7 सूत्रीय मांगें रखी जाएंगी।
AAP के अनुसार, प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। पार्टी का दावा है कि प्रदेश के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों से कार्यकर्ता इस कार्यक्रम में भाग लेंगे।
आम आदमी पार्टी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राज्य में सरकार बनने के बाद शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और कानून-व्यवस्था समेत कई क्षेत्रों में स्थिति खराब हुई है। पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार घोषणाओं और प्रचार पर अधिक जोर दे रही है, जबकि जरूरी विकास कार्यों और कर्मचारियों के वेतन के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध नहीं है।
AAP नेताओं ने सरकार की आर्थिक स्थिति पर भी सवाल उठाते हुए छत्तीसगढ़ को कथित तौर पर आर्थिक संकट की ओर बढ़ने का आरोप लगाया है।
