Spread the love

 

 

धरसीवां। ग्राम गुमा के ग्रामीणों ने सार्वजनिक नहर और रास्ते पर निजी कंपनी द्वारा किए जा रहे कथित अवैध कब्जे को हटाने की मांग को लेकर धरसीवां तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने यह ज्ञापन जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी और छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के पदाधिकारियों के साथ मिलकर दिया।

ग्रामीणों के अनुसार, जिस स्थान पर वर्तमान में निजी कंपनी इस्कॉन पाइप का कब्जा बताया जा रहा है, वहां से पहले गुमा से तेंदुआ जाने के लिए सार्वजनिक रास्ता हुआ करता था। ग्रामीणों का आरोप है कि अब इस स्थान को वृक्षारोपण के नाम पर कंपनी द्वारा अपने कब्जे में लिया जा रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर पहले भी शिकायत और मांग उठाई जा चुकी है, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। इसी के चलते बड़ी संख्या में ग्रामीण दोबारा तहसील कार्यालय पहुंचे और मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर सार्वजनिक रास्ते और नहर से संबंधित वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए तथा यदि किसी प्रकार का अवैध कब्जा पाया जाता है तो उसे हटाने की कार्रवाई की जाए।

ज्ञापन सौंपने के दौरान जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के प्रदेश सचिव दिनेश वर्मा, छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना रायपुर ग्रामीण के जिला उपाध्यक्ष एवं आरंग खंड प्रभारी गोविंद वर्मा, जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी रायपुर ग्रामीण के जिला सचिव सागर वर्मा, जेसीपी धरसीवां अध्यक्ष उमेश निषाद, उपाध्यक्ष दयाशंकर निषाद, दीपक साहू सहित ग्राम गुमा के बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।