Spread the love

रायपुर। गुढ़ियारी के अवधपुरी मैदान में बसंत अग्रवाल के संयोजन में विशाल दही हांडी उत्सव भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और शहरवासी शामिल हुए।

पुरुष दही हांडी प्रतियोगिता में 35 से अधिक टीमों ने हिस्सा लिया। सात पिरामिड बनाकर दही हांडी फोड़ने वाली टीम विजेता बनी। मटकी में 50 हजार रुपये रखे गए थे, जबकि विजेता टीम को 10 लाख रुपये का पुरस्कार दिया गया। महाराष्ट्र से पहुंची टीम को भी शानदार प्रदर्शन के लिए 21 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई।

महिला दही हांडी प्रतियोगिता में विजेता टीम को 2.5 लाख रुपये से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आयोजन की सराहना करते हुए सनातन संस्कृति और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने वाले ऐसे कार्यक्रमों को महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम में बी प्राक, लखबीर सिंह लक्खा और गरिमा स्वर्णा दिवाकर ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधा। इस दौरान गौसेवा, नशामुक्ति और सामाजिक एकता का संदेश भी दिया गया।

आयोजन के सफल समापन पर बसंत अग्रवाल ने सभी अतिथियों, कलाकारों, प्रतिभागियों, श्रद्धालुओं और आयोजन समिति के सदस्यों का आभार जताया।