रायपुर। इंडियन प्रोफेशनल जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन (IPJA) ने छत्तीसगढ़ में संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए वरिष्ठ महिला पत्रकार मेघा तिवारी को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है।
मेघा तिवारी को पत्रकारिता के क्षेत्र में करीब 15 से 16 वर्षों का अनुभव है। पत्रकारिता में उनके योगदान के लिए उन्हें नेशनल अवॉर्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है। अपने लंबे पत्रकारिता सफर के दौरान उन्होंने जनहित, सामाजिक सरोकारों और आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है।
प्रदेश अध्यक्ष की नई जिम्मेदारी मिलने के बाद मेघा तिवारी के सामने राज्य में संगठन का विस्तार करने के साथ पत्रकारों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी। उनकी प्राथमिकताओं में पत्रकारों की समस्याओं का समाधान, सुरक्षा के मुद्दे, पत्रकार कल्याण और निष्पक्ष पत्रकारिता को बढ़ावा देना शामिल है।
अपनी नियुक्ति पर मेघा तिवारी ने संगठन के राष्ट्रीय नेतृत्व और पदाधिकारियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि वह इस जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगी। उनका प्रयास रहेगा कि छत्तीसगढ़ के प्रत्येक पत्रकार की आवाज को संगठन के माध्यम से मजबूती मिले और पत्रकारों के अधिकारों एवं सम्मान की रक्षा के लिए प्रभावी पहल की जाए।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को मजबूत बनाने के लिए सभी पत्रकारों को एकजुट होकर काम करने की आवश्यकता है।
मेघा तिवारी की नियुक्ति पर पत्रकारिता जगत, सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
उम्मीद जताई जा रही है कि उनके नेतृत्व में IPJA छत्तीसगढ़ में संगठनात्मक गतिविधियों को गति मिलेगी और पत्रकारों के हितों से जुड़े मुद्दों को नई मजबूती मिलेगी।
