Spread the love

रायपुर, 27 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में इंडियन यूथ कांग्रेस ने महंगाई के मुद्दे पर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों को लेकर विरोध जताया और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से जवाब मांगा।

यूथ कांग्रेस नेता नवाज खान के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने फ्लेक्स के जरिए महंगाई का मुद्दा उठाया। प्रदर्शन के दौरान “400 वाला सिलेंडर 1000 में, स्मृति जी आप मौन क्यों हैं?” जैसे नारों के माध्यम से केंद्र सरकार पर निशाना साधा गया।

नवाज खान ने कहा कि जब रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 400 रुपये थी, तब स्मृति ईरानी महंगाई के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करती थीं। उन्होंने सवाल उठाया कि आज सिलेंडर की कीमत 1000 रुपये होने पर वे इस मुद्दे पर चुप क्यों हैं।

यूथ कांग्रेस ने महंगाई को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए आम जनता को राहत देने की मांग की। प्रदर्शन के जरिए पार्टी कार्यकर्ताओं ने रसोई गैस की कीमतों और बढ़ते घरेलू खर्च का मुद्दा उठाया।