रायपुर, 18 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी शुरू होते ही किसानों की परेशानियां सामने आने लगी हैं। आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया है कि डिजिटल क्रॉप सर्वे, गिरदावरी और धान खरीदी पोर्टल में गड़बड़ियों के कारण प्रदेश के कई जिलों में किसानों का वास्तविक रकबा रिकॉर्ड में कम दर्ज हुआ है या पूरी तरह गायब हो गया है। इसके चलते किसान अपनी फसल बेचने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर हैं।
रायपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में AAP प्रदेश प्रवक्ता जयदीप खनूजा, रायपुर लोकसभा अध्यक्ष अजीम खान और रायपुर पश्चिम विधानसभा प्रभारी नंदन सिंह ने सरकार की धान खरीदी व्यवस्था पर सवाल उठाए। पार्टी नेताओं का कहना है कि किसानों की आय बढ़ाने के वादों के बावजूद उन्हें उचित कीमत और सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ नहीं मिल रहा है।
पार्टी ने धान की कीमत और आदान सहायता राशि को लेकर भी सरकार को घेरा। AAP के अनुसार, खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में सरकार ने प्रति एकड़ 13,839 रुपये आदान राशि देने की घोषणा की है, जबकि पार्टी का दावा है कि किसानों को इससे अधिक आर्थिक लाभ मिलना चाहिए। संगठन ने धान का मूल्य बढ़ाकर 3,358 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग की है।
AAP नेताओं ने बताया कि रायगढ़ जिले के कई गांवों में गिरदावरी रिपोर्ट में वास्तविक खेती का रकबा कम दर्ज होने की शिकायतें मिली हैं। वहीं महासमुंद जिले के पटेवा क्षेत्र के 25 से अधिक गांवों में भी किसानों को पोर्टल पर रकबा गायब होने और रिकॉर्ड में सुधार का विकल्प उपलब्ध नहीं होने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
पार्टी का आरोप है कि डिजिटल सर्वे और सरकारी रिकॉर्ड में खामियों के कारण बड़ी संख्या में किसान धान बेचने के अधिकार से वंचित हो सकते हैं। प्रभावित किसानों ने प्रशासन से रिकॉर्ड सुधारने और विशेष शिविर लगाने की मांग की है।
आम आदमी पार्टी की प्रमुख मांगें:
* किसानों को दी जाने वाली आदान सहायता राशि में बढ़ोतरी की जाए।
* जिन किसानों का रकबा कम या गायब दर्ज हुआ है, उनका तत्काल सुधार किया जाए।
* खेतों का दोबारा भौतिक सत्यापन कराया जाए।
* गांवों में विशेष शिविर लगाकर किसानों की समस्याओं का समाधान किया जाए।
* कोई भी पात्र किसान अपनी धान की फसल बेचने से वंचित न रहे।
AAP ने सरकार से मांग की है कि धान खरीदी व्यवस्था में आ रही खामियों को जल्द दूर किया जाए और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित किया जाए।
#ChhattisgarhNews #DhanKharidi2026 #KisanNews #AAPChhattisgarh #RaipurNews #छत्तीसगढ़ #किसान #धानखरीदी
