रायपुर, 16 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में खराब और गड्ढों से भरी सड़कों को लेकर आम आदमी पार्टी ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी नेता विजय झा ने आरोप लगाया कि सरकार ने 15 अक्टूबर से प्रदेशभर में सड़कों की मरम्मत शुरू करने का दावा किया था, लेकिन नवंबर का आधा महीना बीतने के बाद भी काम शुरू नहीं हो पाया है।
विजय झा ने कहा कि दुर्ग और महासमुंद में सड़कों की हालत बेहद खराब है। यहां 12 प्रमुख सड़कों के निर्माण और मरम्मत की योजना टेंडर प्रक्रिया में ही अटकी हुई है। चार बार टेंडर जारी होने के बावजूद कोई निर्माण एजेंसी सामने नहीं आई। वहीं, राजनांदगांव जिले में 100 से अधिक सड़कें जर्जर हालत में हैं और मरम्मत के लिए पर्याप्त बजट भी उपलब्ध नहीं है।
उन्होंने रायपुर-जगदलपुर मुख्य मार्ग पर लालपुर से शादाणी दरबार तक बनी सड़क का उदाहरण देते हुए कहा कि करीब 35 करोड़ रुपये की लागत से तैयार सड़क महज पांच साल में खराब हो गई। अब इसकी दोबारा मरम्मत पर 20 करोड़ रुपये खर्च किए जाने की बात सामने आई है। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और सरकारी धन के इस्तेमाल पर भी सवाल उठाए।
आप नेता ने कहा कि प्रदेश में खराब सड़कों के कारण सड़क दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है। उनके अनुसार, सड़क हादसों में होने वाली मौतों में करीब 60 प्रतिशत मौतें खराब सड़कों से जुड़ी हैं।
आम आदमी पार्टी ने राज्य सरकार से मांग की है कि प्रदेश की सभी खराब सड़कों की मरम्मत तत्काल शुरू कराई जाए। साथ ही घटिया निर्माण के लिए जिम्मेदार ठेकेदारों और अधिकारियों पर कार्रवाई हो, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़कों की स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो प्रदेशभर में आंदोलन किया जाएगा।
