
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल बारनवापारा वन्यजीव अभ्यारण्य में पिछले 19 दिनों से जारी ग्रामीणों का आंदोलन आखिरकार समाप्त हो गया है। मुख्यमंत्री से मुलाकात और मांगें पूरी करने का आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने अपनी हड़ताल खत्म करने का निर्णय लिया।
दरअसल, अभ्यारण्य के आसपास बसे 21 गांवों के ग्रामीण लंबे समय से स्थायी बिजली और पक्की सड़कों की मांग कर रहे थे। इन्हीं मांगों को लेकर ग्रामीणों ने मुख्य पर्यटन प्रवेश द्वार रवान पर धरना-प्रदर्शन शुरू किया था। आंदोलन को जिप्सी और गाइड संघ का भी समर्थन मिला, जिसके चलते सफारी संचालन प्रभावित रहा।
हर साल 1 नवंबर से पर्यटकों के लिए खुलने वाले बारनवापारा अभ्यारण्य में इस बार 19 नवंबर तक सफारी सेवाएं शुरू नहीं हो सकीं। इससे पर्यटन गतिविधियों के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर जुड़े लोगों को भी नुकसान उठाना पड़ा।
ग्रामीणों ने सनम जांगड़े के नेतृत्व में मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री की ओर से आश्वासन दिया गया कि ग्रामीणों की मांगों को 10 दिसंबर, शहीद वीर नारायण सिंह की जयंती तक पूरा करने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया है। अब सभी की नजरें इस बात पर हैं कि बिजली और सड़क से जुड़ी मांगों पर कब तक अमल होता है और बारनवापारा में सफारी पर्यटन दोबारा कब शुरू होता है।
#BarNavapara #ChhattisgarhNews #Balodabazar
