Spread the love

 

 

रायपुर। राजधानी रायपुर के कालीबाड़ी चौक स्थित बंगाली कालीबाड़ी समिति की वार्षिक जनसाधारण सभा विवादों में घिर गई है। बैठक के दौरान कथित तौर पर महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की घटना सामने आई है। वहीं, पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेने पहुंचे चार पत्रकारों के साथ मारपीट, मोबाइल छीनने और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

कवरेज के दौरान पत्रकारों से कथित मारपीट

जानकारी के अनुसार, समिति की बैठक के दौरान विवाद बढ़ने पर मौके पर मौजूद कुछ पत्रकार घटनाक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग करने लगे। आरोप है कि इसी दौरान समिति से जुड़े कुछ लोगों ने पत्रकारों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। एक पत्रकार का मोबाइल छीनने तथा दूसरे का मोबाइल तोड़ने की कोशिश किए जाने का भी आरोप है।

एक वरिष्ठ पत्रकार के साथ बदसलूकी करते हुए उनकी जेब में कथित रूप से किसी अन्य व्यक्ति का पर्स डालने की कोशिश किए जाने का मामला भी सामने आया है। पत्रकारों ने इस संबंध में सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। मामले में FIR दर्ज होने की जानकारी दी गई है।

महिला सदस्यों ने भी दर्ज कराई शिकायत

घटना के बाद समिति से जुड़े समाज के एक वर्ग के लोग महिलाओं और पत्रकारों के समर्थन में सिटी कोतवाली थाने पहुंचे। महिला सदस्यों ने बैठक के दौरान अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और मारपीट किए जाने के आरोप लगाते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

समिति की सदस्य सोहाना मोहंती ने आरोप लगाया कि बैठक में उपाध्यक्ष के वक्तव्य के दौरान कुछ लोगों ने हंगामा और धक्का-मुक्की शुरू कर दी। उन्होंने अपने साथ भी अभद्र व्यवहार किए जाने की बात कही।

समिति के भीतर इस्तीफों और सदस्यता का विवाद

घटना के बाद समिति में आंतरिक विरोध भी बढ़ गया है। चर्चा है कि उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, संयुक्त सचिव और कार्यकारिणी के एक सदस्य ने अपने पदों से इस्तीफा दिया है। हालांकि, इन इस्तीफों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

इसके अलावा पूर्व कार्यकारिणी सदस्य जयदीप चक्रवर्ती की सदस्यता बहाली का मामला भी फिर चर्चा में आ गया है। दावा किया गया है कि 13 जुलाई 2025 को आयोजित जनसाधारण सभा में उनकी सदस्यता बहाली का प्रस्ताव पारित हुआ था, लेकिन अब तक इस पर अमल नहीं किया गया।

पीड़ित सदस्यों को नोटिस जारी करने पर उठे सवाल

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि घटना के बाद समिति की ओर से उन सदस्यों और पदाधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए, जिन्होंने पुलिस में शिकायत की या मीडिया के सामने अपना पक्ष रखा। इसे लेकर समिति के भीतर निष्पक्षता और पारदर्शिता पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

समिति के कामकाज की जांच और रजिस्ट्रार की निगरानी की मांग

लगातार बढ़ते विवाद के बीच समाज के कुछ लोगों ने समिति के कामकाज की निष्पक्ष जांच कराने और रजिस्ट्रार की निगरानी में समिति का संचालन कराने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि सदस्यता, कार्यकारिणी के फैसलों और जनसाधारण सभा में पारित प्रस्तावों का रिकॉर्ड पारदर्शी होना चाहिए।

कई पदाधिकारियों और सदस्यों पर गंभीर आरोप

महिला सदस्यों और समिति से जुड़े कुछ लोगों ने अपनी शिकायतों में कई वर्तमान एवं पूर्व पदाधिकारियों तथा सदस्यों के नामों का उल्लेख किया है। इनमें मारपीट, धमकी और अभद्र व्यवहार सहित कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। कुछ लोगों पर पूर्व में जुआ और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता के दावे भी किए गए हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और पुलिस जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी है।

अब पुलिस कार्रवाई पर टिकी निगाहें

कालीबाड़ी बंगाली समिति का विवाद अब संगठन के आंतरिक मतभेदों से निकलकर पुलिस और प्रशासन तक पहुंच गया है। महिलाओं के सम्मान, पत्रकारों की सुरक्षा और धार्मिक परिसर में अनुशासन को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

अब देखना होगा कि पुलिस जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और शिकायत में नामजद लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती
#RaipurNews #KalibadiVivाद #ChhattisgarhNews #JournalistAttack #Raipur