Spread the love

**खमतराई में नाली निर्माण में भेदभाव का आरोप, कांग्रेस ने जोन आयुक्त को सौंपा ज्ञापन**

बिल्डरों को छूट, गरीबों पर कार्रवाई! कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी

रायपुर, 24 मार्च 2025 – राजधानी के खमतराई इलाके में नाली निर्माण को लेकर नगर निगम पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई के आरोप लगे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस मुद्दे को गंभीरता से उठाते हुए जोन क्र. 01 के आयुक्त को ज्ञापन सौंपा और जल्द से जल्द निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस जनों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अगर अवैध निर्माणों को तोड़ने में भेदभाव जारी रहा, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।

छोटे दुकानदारों पर कार्रवाई, बिल्डरों को राहत!

खमतराई के वीर शिवाजी वार्ड में बाजार चौक से पैराडाइज होटल तक नाली निर्माण कार्य किया जा रहा है। इस दौरान नगर निगम के अधिकारियों ने संबंधित ठेकेदार को अनुचित लाभ पहुंचाते हुए निगम की जेसीबी और हाइवा गाड़ियाँ मुहैया कराई। लेकिन नाली के ऊपर बने पाटों को चुन-चुनकर तोड़ा गया, जिससे गरीब और छोटे दुकानदारों पर कार्रवाई हुई, जबकि प्रभावशाली लोगों के अवैध निर्माण जस के तस छोड़ दिए गए।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि साम्राज्य रेसीडेंसी और एस.पी. कोल्ड स्टोर के सामने बनी अवैध नाली को अब तक नहीं तोड़ा गया, जबकि इसी वजह से हर साल बारिश में शहीद नगर जलभराव से जूझता है। स्थानीय निवासियों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है, लेकिन नगर निगम प्रशासन इस पर कोई ध्यान नहीं दे रहा।

कांग्रेस का ऐलान – कार्रवाई नहीं हुई तो होगा बड़ा आंदोलन!

कांग्रेस जनों ने जोर देकर कहा कि यदि साम्राज्य रेसीडेंसी और एस.पी. कोल्ड स्टोर के सामने बने अवैध पाटों को जल्द से जल्द नहीं तोड़ा गया, तो कांग्रेस पार्टी उग्र आंदोलन करने को मजबूर होगी। इस ज्ञापन के जवाब में **जोन आयुक्त ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है, लेकिन स्थानीय लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि यदि जल्द निर्णय नहीं लिया गया, तो वे सड़कों पर उतरने से पीछे नहीं हटेंगे।

अब देखना होगा कि नगर निगम प्रशासन इस मुद्दे पर क्या कार्रवाई करता है, या फिर एक बार फिर प्रभावशाली लोगों को बचाने की कोशिश की जाएगी

 

बलौदा बाजार में निमंत्रण पत्र पर आपत्तिजनक शब्द लिखने को लेकर FIR दर्ज