स्टेट बैंक के सामने कार्यक्रम स्थल पर हुआ विवाद, बलराम भट्ट के खिलाफ BNS की दो धाराओं में मामला दर्ज
कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर में दुर्गोत्सव कार्यक्रम की तैयारियों के बीच गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आमापारा निवासी पत्रकार गणेश तिवारी की शिकायत पर कांकेर पुलिस ने बलराम भट्ट के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कार्यक्रम की तैयारी के दौरान हुआ विवाद
शिकायत के मुताबिक, 13 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 6 बजे स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की मुख्य शाखा के सामने नवजोत दुर्गोत्सव समिति के पंडाल में कार्यक्रम की तैयारियां चल रही थीं। समिति की ओर से किशोर कुमार नाइट्स का आयोजन किया जाना था, जिसमें कल्पना जायसवाल ग्रुप को संगीत प्रस्तुति के लिए आमंत्रित किया गया था।
इसी दौरान बलराम भट्ट वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने पुराने विवाद का जिक्र करते हुए कार्यक्रम को लेकर आपत्ति जताई और दूसरे कार्यक्रम के आयोजन की बात कही। शिकायतकर्ता के अनुसार, इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी का आरोप
गणेश तिवारी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि विवाद शांत कराने की कोशिश करने पर बलराम भट्ट ने कथित तौर पर अश्लील गाली-गलौज की और जान से मारने के साथ ही वहीं दफना देने की धमकी दी। शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि घटना के दौरान उनकी मां शशि तिवारी और सतीश दीपक भी मौजूद थे।
शिकायत में घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों में घटना रिकॉर्ड होने की बात भी कही गई है। शिकायतकर्ता ने भविष्य में किसी अप्रिय घटना की आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने इन धाराओं में दर्ज किया मामला
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, कांकेर थाने में 14 अक्टूबर 2026 को रात 9:10 बजे FIR क्रमांक 0359 दर्ज की गई। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 296 और 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
मामले की जांच हेड कांस्टेबल कौशल कुमार साहू को सौंपी गई है। पुलिस के अनुसार, शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
