Spread the love

रायपुर। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने साफ किया है कि प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। विभाग के अनुसार, किसी भी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है।

पश्चिम एशिया में बने हालात को देखते हुए राज्य सरकार लगातार केंद्र के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के संपर्क में है, ताकि प्रदेश में ईंधन की निर्बाध आपूर्ति बनी रहे।

अधिकारियों ने बताया कि राज्य में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार मौजूद है और इसकी नियमित साप्ताहिक समीक्षा की जा रही है। सरकार ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराहट में अनावश्यक खरीदारी न करें।

प्रदेश में संचालित 2516 पेट्रोल पंपों और प्रमुख ऑयल कंपनियों के डिपो में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। मार्च 2026 में पेट्रोल की मांग के मुकाबले 126% तक आपूर्ति की गई, जबकि डीजल की आपूर्ति 183% तक रही। अप्रैल महीने में भी मांग के अनुसार लगातार आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।

विभाग ने यह भी बताया कि जमाखोरी और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए जिलों में लगातार निरीक्षण और छापेमारी की जा रही है। साथ ही, राज्य और जिला स्तर पर कंट्रोल रूम सक्रिय हैं। नागरिक अपनी शिकायतें टोल-फ्री नंबर 1800-233-3663 पर दर्ज करा सकते हैं।

हाल ही में हुई समीक्षा बैठक में यह सामने आया कि कुछ औद्योगिक उपभोक्ता रिटेल पंपों से डीजल खरीद रहे हैं, जिससे अस्थायी दबाव बन रहा है। इस पर कंपनियों को आपूर्ति संतुलित रखने के निर्देश दिए गए हैं।

वर्तमान में प्रदेश में लगभग 22 दिनों के लिए पेट्रोल और 15 दिनों के लिए डीजल का स्टॉक उपलब्ध है। सरकार ने दोहराया है कि ईंधन को लेकर स्थिति पूरी तरह सामान्य है और किसी भी प्रकार की चिंता की आवश्यकता नहीं है।