
अभाविप ने संकल्प राजकमल को बनाया रायपुर उत्तर जिला संयोजक
राजिम/रायपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने अपने संगठनात्मक विस्तार और सुदृढ़ीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए युवा कार्यकर्ता संकल्प राजकमल को रायपुर उत्तर जिला संयोजक का दायित्व सौंपा है। यह घोषणा राजिम में आयोजित प्रांतीय अभ्यास वर्ग के दौरान की गई।
परिषद के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने संकल्प राजकमल की संगठनात्मक दक्षता, नेतृत्व क्षमता और छात्र हितों के लिए किए गए कार्यों को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी प्रदान की। परिषद के अनुसार, यह दायित्व केवल एक पद नहीं बल्कि छात्र हित, राष्ट्रीय चेतना और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति समर्पण का प्रतीक है।
संकल्प राजकमल ने एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में संगठनात्मक यात्रा शुरू की थी। उन्होंने छात्र समस्याओं के समाधान, शैक्षणिक मुद्दों और राष्ट्रवादी विचारधारा के प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाई है। विभिन्न दायित्वों का सफल निर्वहन करते हुए उन्होंने संगठन को नई ऊर्जा प्रदान की है।
नवीन दायित्व ग्रहण करने के बाद संकल्प राजकमल ने कहा कि परिषद का मूल मंत्र “राष्ट्र प्रथम, छात्र हित सर्वोपरि” उनके कार्यों का आधार रहेगा। उन्होंने विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, युवाओं के व्यक्तित्व विकास और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही।
अभाविप के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में रायपुर उत्तर जिले में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर परिषद की भूमिका और प्रभावी बनेगी।
गौरतलब है कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद देश के प्रमुख छात्र संगठनों में से एक है, जो शिक्षा, संस्कार, संगठन और राष्ट्र निर्माण के उद्देश्यों को लेकर कार्य करता है।
