पत्थलगांव, 6 अगस्त। जशपुर जिले के पत्थलगांव में पुलिस ने गांजा तस्करी के एक अनोखे मामले का खुलासा किया है। पुलिस को एक कार से करीब 21 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ है। हैरानी की बात यह है कि जब्त वाहन पर बड़े अक्षरों में “POLICE” लिखा हुआ था और उस पर पुलिस जैसा लोगो भी लगा था।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिलने के बाद संदिग्ध कार की निगरानी शुरू की गई। पीछा किए जाने के दौरान अंबिकापुर रोड पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। दुर्घटना का फायदा उठाकर चालक मौके से फरार हो गया।
वाहन की तलाशी लेने पर बैग में रखे लगभग 21 किलो गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मादक पदार्थ और वाहन को जब्त कर लिया है। जब्त कार का पंजीयन नंबर UP54 AF 7976 बताया गया है।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि वाहन पर पुलिस का नाम और लोगो लगाकर तस्करी को आसान बनाने की कोशिश की जा रही थी। हालांकि इस संबंध में विस्तृत जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
फिलहाल फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। साथ ही पुलिस पूरे तस्करी नेटवर्क और वाहन के इस्तेमाल की जांच में जुटी हुई है।
