Spread the love

 

इंदौर। छत्तीसगढ़ की श्वेता अविनाश बावनकर ने इंदौर में आयोजित ‘Mrs India Universe 2026’ प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का ताज अपने नाम किया। देश के अलग-अलग राज्यों से पहुंचीं प्रतिभागियों के बीच श्वेता ने अपने आत्मविश्वास, रैंप वॉक और प्रतिभा से निर्णायकों को प्रभावित किया।

इंदौर के जार्डिन होटल में आयोजित इस प्रतियोगिता का आयोजन VMS ऑर्गनाइजर्स जितेंद्र सिंह और कविता सिंह ने किया। बॉलीवुड अभिनेत्री दीपशिखा नागपाल कार्यक्रम में सेलिब्रिटी गेस्ट के रूप में मौजूद रहीं। प्रतियोगिता में 50 से अधिक प्रतिभागियों का विभिन्न कैटेगरी में चयन किया गया।

श्वेता पेशे से शिक्षिका हैं और कोरियोग्राफी, मॉडलिंग तथा फैशन से भी जुड़ी हुई हैं। प्रतियोगिता के रैंप वॉक राउंड में उनके प्रोफेशनल अंदाज ने खासा प्रभाव छोड़ा। वहीं टैलेंट राउंड में उनके डांस प्रदर्शन की भी सराहना की गई।

फैशन के प्रति श्वेता की रुचि लंबे समय से रही है। वह कपड़ों और ज्वेलरी के व्यवसाय से भी जुड़ी हैं। इस अनुभव ने उन्हें फैशन, स्टाइलिंग और ज्वेलरी की बारीकियों को समझने में मदद की, जिसका फायदा उन्हें मॉडलिंग और पेजेंट के दौरान भी मिला।

श्वेता के लिए यह सफलता सिर्फ एक प्रतियोगिता जीतने तक सीमित नहीं है। वह अपनी अमेरिका में रहने वाली मॉडल कजिन को भी अपनी प्रेरणा मानती हैं, जिन्होंने ‘Mrs America’ प्रतियोगिता में सफलता हासिल की थी। इसके अलावा उनके आठ वर्षीय बेटे अबीर भी उनके लिए बड़ी प्रेरणा हैं। जीवन की चुनौतियों के बावजूद श्वेता ने अपने सपनों को पूरा करने की कोशिश जारी रखी।

श्वेता ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, पति और बच्चों को दिया। उन्होंने बताया कि उनके पिता सुरेंद्र चरडे और मां गीता सुरेंद्र चरडे ने हमेशा उनका हौसला बढ़ाया और उन्हें अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रोत्साहित किया।

वहीं पति अविनाश बावनकर के सहयोग को भी श्वेता ने बेहद महत्वपूर्ण बताया। उनका कहना है कि अविनाश ने पूरे सफर में उनका साथ दिया और उन्हें आगे बढ़ने के लिए लगातार प्रोत्साहित किया।

श्वेता अपने बच्चों संभव और अबीर को अपनी ताकत मानती हैं। उनका कहना है कि बच्चों की मुस्कान उन्हें आगे बढ़ने की ऊर्जा देती है और वह चाहती हैं कि उनके बच्चे भी यह सीखें कि परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों, अपने सपनों के लिए प्रयास नहीं छोड़ना चाहिए।

श्वेता का यह तीसरा पेजेंट खिताब है। ‘Mrs India Universe 2026’ का ताज जीतकर उन्होंने अपनी मेहनत और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और छत्तीसगढ़ में खुशी का माहौल है।