Spread the love

 

रायपुर। राजधानी के प्रोफेसर कॉलोनी सेक्टर-1 में भैया तालाब के पास स्थित जमीन को लेकर विवाद सामने आया है। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया है कि कुछ लोग शासकीय जमीन को निजी बताकर उस पर कब्जा करने और बेचने की कोशिश कर रहे हैं। मामले की शिकायत के बाद जोन-6 के अधिकारियों ने दोबारा सीमांकन कराने के लिए तहसीलदार को पत्र लिखा है।

ऑनलाइन रिकॉर्ड से खसरा नंबर का मिलान नहीं

स्थानीय निवासियों के अनुसार, विवादित जमीन की पहचान और स्वामित्व को लेकर संदेह है। शिकायत मिलने पर जोन कार्यालय की ओर से इंजीनियरों की टीम ने प्रारंभिक जांच की। बताया गया कि संबंधित खसरा नंबर का ऑनलाइन भूमि रिकॉर्ड से मिलान नहीं हो रहा है। इसके बाद जमीन की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए दोबारा सीमांकन कराने की पहल की गई।

60 फीट सड़क की जमीन को लेकर भी चिंता

शिकायतकर्ताओं शुभांकर पांडेय, ईश्वर यादव, हेमंत, सीमा सहित अन्य निवासियों ने आरोप लगाया कि विवादित जमीन का कुछ हिस्सा लगभग 60 फीट चौड़ी सड़क के क्षेत्र में भी आता है। उनका कहना है कि सड़क के इस हिस्से पर पक्का निर्माण नहीं होने के कारण वहां कब्जे की आशंका है। स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि मोहल्ले की ओर से लगाया गया सूचना बोर्ड उखाड़कर फेंक दिया गया।

निवासियों ने प्रशासन से जमीन के दस्तावेजों की जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने और सरकारी भूमि को सुरक्षित रखने की मांग की है।

सीमांकन के बाद होगी आगे की कार्रवाई

जोन-6 के कमिश्नर हितेंद्र यादव के अनुसार, जमीन से संबंधित शिकायत प्राप्त हुई है। प्रारंभिक जांच में जमीन शासकीय प्रतीत होने के कारण तहसीलदार को पारदर्शी तरीके से दोबारा सीमांकन कराने के लिए पत्र लिखा गया है। सीमांकन की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल जमीन के स्वामित्व और सीमाओं को लेकर अंतिम स्थिति सीमांकन एवं राजस्व अभिलेखों की जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

#RaipurNews #ChhattisgarhNews #Raipur #GovernmentLand #LandDispute #सामान्यजनकीसमस्या #VandeMatram247