Spread the love

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 560 किलो गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 80 लाख रुपये बताई गई है। मामले में महाराष्ट्र के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम को ओडिशा से गांजे की बड़ी खेप छत्तीसगढ़ के रास्ते महाराष्ट्र ले जाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर रेहटीखोल के पास नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने एक आयशर माजदा वाहन को रोककर तलाशी ली। वाहन में प्लास्टिक कैरेट के नीचे छिपाकर रखी गई 16 बोरियां बरामद हुईं। इन बोरियों में कुल 560 किलो गांजा रखा गया था।

ओडिशा से महाराष्ट्र ले जा रहे थे गांजा

प्रारंभिक पूछताछ के अनुसार, आरोपी गांजे की खेप ओडिशा के बरहामपुर से लेकर महाराष्ट्र के जलगांव जा रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर तस्करी में इस्तेमाल वाहन और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है। जांच के दौरान गांजे की आपूर्ति और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस की इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ अभियान को बड़ी सफलता मिली है।