देश की जानी-मानी पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर कंपनी बिसलेरी को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मंजूरी दे दी है। बताया जा रहा है कि कंपनी के पानी के नमूने लगातार दो बार गुणवत्ता जांच में निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरे।
जानकारी के मुताबिक, पहली जांच में पानी के नमूने में ब्रोमेट (Bromate) की मात्रा तय सीमा से अधिक पाई गई। यह तत्व स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है।
कंपनी की ओर से पहली जांच पर आपत्ति जताए जाने के बाद नमूने की दोबारा जांच कराई गई। हालांकि, दूसरी जांच में भी पानी को निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। रिपोर्ट में PAHs (पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन्स) नामक रासायनिक तत्वों की मौजूदगी का भी उल्लेख किया गया है। इनमें से कुछ तत्व कैंसर के खतरे से जुड़े होते हैं।
इस मामले में एक अहम बात यह भी है कि जांच के लिए पानी के नमूने बाजार से नहीं, बल्कि कंपनी के परिसर से ही लिए गए थे।
दो बार जांच में गुणवत्ता संबंधी खामियां सामने आने के बाद FSSAI ने मामले में अभियोजन की मंजूरी दी है। अब इस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाएगी।
बिसलेरी से जुड़े इस मामले ने पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की गुणवत्ता और उसकी सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
cgरायपुर स्टेडियम को मिलेगी नई पहचान, 50 करोड़ रुपये से होगा कायाकल्प!
