Spread the love

अम्बिकापुर, छत्तीसगढ़ के अम्बिकापुर (सरगुजा) जिले के बतौली थाना क्षेत्र में एक शिक्षक और छात्रा से जुड़ा मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, एक स्कूल शिक्षक को एक छात्रा के साथ कार में आपत्तिजनक स्थिति में पाया गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की है।

जंगल किनारे खड़ी कार में मिले दोनों
बताया जा रहा है कि 20 अप्रैल की देर रात लंकाडांड जंगल क्षेत्र के पास कुछ स्थानीय युवक पहुंचे, जहां एक कार संदिग्ध हालत में खड़ी थी। कार की जांच करने पर उसमें एक शिक्षक और छात्रा मौजूद थे। आरोप है कि दोनों पिछली सीट पर आपत्तिजनक हालत में थे।

वीडियो बनाकर किया वायरल
मौके पर मौजूद युवकों ने घटना का वीडियो बना लिया। वीडियो में छात्रा द्वारा विरोध करने की बात भी सामने आई है। वहीं, यह भी दावा किया जा रहा है कि शिक्षक ने मामला दबाने के लिए पैसे देने की पेशकश की। हालांकि, इस मामले में अब तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

शिक्षक पर प्रशासन की कार्रवाई
मामले के सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने संबंधित शिक्षक को स्कूल से हटा दिया है। उसे अस्थायी रूप से उदयपुर ब्लॉक कार्यालय से अटैच किया गया है। साथ ही पूरे मामले की जांच के लिए एक टीम गठित की गई है, जिसमें बतौली और सीतापुर के शिक्षा अधिकारी शामिल हैं।

जांच जारी
अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले ने शिक्षा व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।