रायगढ़। छत्तीसगढ़ में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। खरसिया क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 52 किलोग्राम गांजा जब्त किया है और तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। 
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से कुछ युवक बड़ी मात्रा में गांजा लेकर क्षेत्र में पहुंचे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने रेलवे कॉलोनी के पास घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 52 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना संबंध ओडिशा से होना स्वीकार किया। वे ट्रेन के माध्यम से गांजा लेकर आए थे, लेकिन रेलवे में सख्ती के कारण खरसिया में उतरकर सप्लाई करने की कोशिश कर रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई को एसएसपी के निर्देशन में साइबर टीम और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया। 
गौरतलब है कि इससे पहले भी जिले में तमनार और चक्रधरनगर क्षेत्र से बड़ी मात्रा में गांजा जब्त किया जा चुका है, जिससे साफ है कि पुलिस लगातार तस्करी नेटवर्क पर कार्रवाई कर रही है।
पुलिस का संदेश:
रायगढ़ पुलिस ने साफ किया है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है और तस्करों के पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
