Spread the love

रायपुर/ धरसीवां स्थित SKS इस्पात कंपनी में कार्यरत एक मजदूर की कार्यस्थल पर हुए दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान जांजगीर-चांपा जिले के निवासी पुष्पेंद्र साहू के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के इकलौते पुत्र थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

जानकारी के अनुसार, 02 मई 2026 को कंपनी परिसर में कार्य के दौरान अचानक हुए हादसे में पुष्पेंद्र साहू गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन कंपनी प्रबंधन से न्याय और उचित मुआवजे की मांग को लेकर धरसीवां पहुंचे।

मृतक परिवार ने इस मामले में सहयोग के लिए छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना एवं जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी से संपर्क किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता तत्काल कंपनी गेट पहुंचे और पीड़ित परिवार के साथ देर रात तक डटे रहे।

संगठन के प्रतिनिधियों ने कंपनी प्रबंधन से चर्चा करते हुए स्पष्ट कहा कि मृतक परिवार को सम्मानजनक मुआवजा दिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा।

लगातार चली बातचीत और संगठन के दबाव के बाद कंपनी प्रबंधन ने मृतक परिवार को 22 लाख 50 हजार रुपये का प्रत्यक्ष मुआवजा, बीमा मद से लगभग 14 लाख रुपये, तथा 12 हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन देने पर सहमति जताई। इस समझौते के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।

मृतक के परिजनों ने कहा कि संकट की इस घड़ी में संगठन ने उनका साथ देकर बड़ी मदद की है। उन्होंने मजदूर हितों के लिए किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

इस घटना ने एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सामाजिक संगठनों ने मांग की है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कंपनियों में सुरक्षा प्रोटोकॉल को और मजबूत किया जाए।

संगठनों ने स्पष्ट किया है कि मजदूरों के अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर आगे भी संघर्ष जारी रहेगा।