Spread the love

भुवनेश्वर। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में बुधवार तड़के एक अपार्टमेंट में भीषण आग लगने से एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में एक बुजुर्ग दंपति और उनकी 11 साल की पोती शामिल है। यह हादसा शहर के लक्ष्मी सागर इलाके स्थित बसंत विला अपार्टमेंट में हुआ।

जानकारी के अनुसार, आग सुबह करीब 4 से 4:30 बजे के बीच लगी, जिससे इमारत में तेजी से धुआं फैल गया और लोगों में अफरा-तफरी मच गई। फायर ब्रिगेड को सुबह करीब 5 बजे सूचना मिली, जिसके बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण सीढ़ियों के पास स्थित इलेक्ट्रिक पैनल में शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पैनल के पास खड़ी साइकिलों में आग लगने से धुआं तेजी से फैल गया, जिससे पास के कमरे में रह रहे परिवार के लिए बाहर निकलना मुश्किल हो गया। हालांकि कुछ सूत्रों ने इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग प्वाइंट से आग लगने की आशंका भी जताई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

मृतकों की पहचान बिश्वनाथ बेहरा (62) और उनकी पत्नी सुलभा बेहरा (60) के रूप में हुई है। दोनों पिछले 10 वर्षों से अपार्टमेंट के स्टिल्ट फ्लोर पर रह रहे थे। बिश्वनाथ यहां सिक्योरिटी गार्ड और उनकी पत्नी केयरटेकर के रूप में काम करती थीं। उनकी पोती गर्मी की छुट्टियां बिताने उनके पास आई थी।

तीनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दंपति को मृत घोषित कर दिया। बच्ची को इलाज के लिए एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसने भी दम तोड़ दिया।

इस हादसे में अपार्टमेंट के अंदरूनी हिस्सों, छत और लिफ्ट एरिया को भी भारी नुकसान पहुंचा है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।