हैदराबाद के पॉश इलाके जुबली हिल्स में शुक्रवार को एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया। रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी विनय रंजन रे की पत्नी सुनंदा की उनके घर में हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और हड़कंप का माहौल बन गया।
पुलिस के अनुसार, सुनंदा का शव प्रशासन नगर स्थित उनके तीन मंजिला मकान की पहली मंजिल पर मिला। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि हत्या के बाद घर से सोने के गहने और नकदी भी गायब मिले हैं। पुलिस फिलहाल इसे लूट के इरादे से की गई हत्या मानकर जांच कर रही है, हालांकि अन्य संभावित पहलुओं पर भी जांच जारी है।
जानकारी के मुताबिक, घटना के समय पूर्व आईपीएस अधिकारी विनय रंजन रे शहर से बाहर थे। इसी दौरान बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस को शक है कि हाल ही में घर में काम पर रखी गई नेपाली मूल की नौकरानी और उसके कुछ साथी इस घटना में शामिल हो सकते हैं। घटना के बाद से नौकरानी फरार बताई जा रही है, जिससे संदेह और गहरा गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए गए। जुबली हिल्स पुलिस स्टेशन में हत्या का मामला दर्ज कर विशेष जांच शुरू कर दी गई है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए दानम नागेंद्र भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने आशंका जताई कि इस वारदात में किसी संगठित गैंग की भूमिका हो सकती है। साथ ही उन्होंने कहा कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में लगातार अभियान चला रही है। इस घटना ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था और घरेलू कर्मचारियों के सत्यापन को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
