कवर्धा जिले के कुण्डा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनका चार वर्षीय बेटा घायल हो गया। हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया और लोगों ने सड़क जाम कर मुआवजा तथा सड़क निर्माण ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, सारंगपुर निवासी कृष्णा हाडिले (34) अपनी पत्नी कृतिका हाडिले (30) और बेटे जगदीश के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने घोरपेन्द्री आए हुए थे। कार्यक्रम के बाद शुक्रवार सुबह वे मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान बासनी स्कूल के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई और पीछे से आ रही ट्रक की चपेट में आ गई।
हादसे में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका मासूम बेटा घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण कार्य में लापरवाही बरती गई है। सड़क किनारे डाली गई पीली मिट्टी बारिश के कारण कीचड़ में बदल गई थी, जिससे सड़क बेहद फिसलन भरी हो गई। इसी वजह से बाइक सवार संतुलन खो बैठे और यह हादसा हो गया।
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और सड़क निर्माण एजेंसी के खिलाफ नाराजगी जताई। लोगों ने सड़क जाम कर मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने और संबंधित ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलने पर कुण्डा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं प्रशासन ग्रामीणों को समझाने में जुटा रहा।
