रायपुर। राजधानी रायपुर के शांति नगर स्थित विमतरा हॉल में भव्य माता जागरण का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। देर रात तक चले इस धार्मिक आयोजन में माता रानी के जयकारों से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन में हिस्सा लेकर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम का आयोजन छत्तीसगढ़ महिला मंच की डॉ. नीतू सिंह के नेतृत्व में किया गया। आयोजन में प्रसिद्ध भजन गायिका डॉ. विधा सिंह ने अपने मधुर और भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भक्ति गीतों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे और पूरा हॉल “जय माता दी” के उद्घोष से गूंजता रहा।
इस अवसर पर कई सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा, छत्तीसगढ़ दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष लोकेश कावड़िया, बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा, भाजपा प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष विभा अवस्थी, भाजपा प्रदेश मंत्री किशोर महानंद, सच्चिदानंद उपासने, विश्व हिंदू परिषद छत्तीसगढ़ प्रांत उपाध्यक्ष सरल मोदी, सक्षम संगठन मंत्री रामजी रजवाड़े और पार्षद डॉ. अनामिका सिंह सहित अनेक प्रमुख लोग शामिल हुए।
आयोजन की संयोजक एवं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता शताब्दी सुबोध पांडे, सह-आयोजक पदमा शर्मा और पूजा सिंह ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने माता रानी की विशेष पूजा-अर्चना कर प्रदेश में सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर समाज सेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रही 30 संस्थाओं का सम्मान भी किया गया। आयोजकों ने इसे सामाजिक एकता और सकारात्मक संदेश देने वाला प्रेरणादायी आयोजन बताया।
इस दौरान कर्ण अग्रवाल, खुशबू शर्मा और सविता मौर्या की विशेष उपस्थिति भी रही।
