Spread the love

रायपुर। गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित किए जाने की मांग को लेकर रायपुर में हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया। अभियान का नेतृत्व रायपुर उत्तर विधानसभा युवा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष नवाज़ खान ने किया। इस दौरान विभिन्न वर्गों के लोगों से समर्थन जुटाया गया।

नवाज़ खान ने कहा कि गाय भारतीय संस्कृति, सभ्यता और सामाजिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा रही है। करोड़ों लोगों की आस्था गाय से जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि गाय केवल एक पशु नहीं, बल्कि सेवा, करुणा और सहअस्तित्व का प्रतीक है।

उन्होंने बताया कि मुस्लिम समाज की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग की जा रही है। उनका कहना है कि इससे सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता को मजबूती मिलेगी।

नवाज़ खान ने कहा कि समय-समय पर गाय के नाम पर विवाद और तनाव की स्थिति बनी है। ऐसे में केवल कानूनी प्रतिबंधों से अधिक जरूरी सामाजिक संवेदनशीलता और आपसी सम्मान को बढ़ावा देना है। गाय को राष्ट्रीय पशु का दर्जा दिए जाने से सकारात्मक संदेश जाएगा और समाज में सद्भाव मजबूत होगा।

अभियान के दौरान एकत्रित हस्ताक्षरों और जनसमर्थन को प्रधानमंत्री कार्यालय तक भेजने की तैयारी की जा रही है। आयोजकों ने सभी धर्मों और वर्गों के लोगों से इस पहल में भाग लेने की अपील की है।