
रायपुर/धरसींवा। धरसींवा खंड के ग्राम धनेली में छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना, जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी, छत्तीसगढ़िया युवा क्रांति सेना एवं छत्तीसगढ़िया महिला क्रांति सेना के संयुक्त तत्वावधान में जबरदस्त सदस्यता अभियान, जनजागरण अभियान एवं मोटरसाइकिल रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, भाई-बहिनी, दीदी-महतारी एवं युवा वर्ग शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत भव्य मोटरसाइकिल रैली से हुई। रैली के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने पूरे गांव में भ्रमण कर ग्रामीणों से संपर्क किया और छत्तीसगढ़ी भाषा, संस्कृति, अधिकार एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े विषयों पर चर्चा की। इस दौरान लोगों को संगठित होकर समाज और प्रदेश के हित में कार्य करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में विशेष रूप से छत्तीसगढ़िया युवा क्रांति सेना के प्रदेश सचिव कंचन मानिकपुरी के आमंत्रण पर संगठन के विभिन्न पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता पहुंचे। धरसींवा क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए सभी सेनानियों और पदाधिकारियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया गया।
इसके बाद आयोजित बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और जनजागरण कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के दौरान 35 नए लोगों ने संगठन की सदस्यता ग्रहण की और छत्तीसगढ़, छत्तीसगढ़ी भाषा तथा समाज के संरक्षण एवं विकास के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि छत्तीसगढ़ की अस्मिता, संस्कृति और अधिकारों की रक्षा के लिए गांव-गांव तक पहुंचना जरूरी है। इसी उद्देश्य से प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने क्षेत्र में जनजागरण अभियान चलाने और अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित सदस्यों ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा छत्तीसगढ़ी समाज की आवाज को हर गांव तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
