
रायपुर, 12 जून 2026। राजधानी रायपुर में शुक्रवार को गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग को लेकर एक विशेष हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया। रायपुर उत्तर विधानसभा युवा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष नवाज़ खान के नेतृत्व में मोढ़ापारा स्थित मस्जिद के पास आयोजित इस अभियान में मुस्लिम समाज के सैकड़ों लोगों ने भाग लेकर अपना समर्थन दर्ज कराया।
दोपहर लगभग 1:50 बजे शुरू हुए इस अभियान में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित हुए। प्रतिभागियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गाय को राष्ट्रीय पशु का दर्जा देने की मांग के समर्थन में हस्ताक्षर किए। आयोजन के दौरान सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता का संदेश भी दिया गया।
अभियान के आयोजक नवाज़ खान ने कहा कि गाय केवल किसी एक धर्म या समुदाय से जुड़ा विषय नहीं है, बल्कि भारतीय संस्कृति, करुणा और सहअस्तित्व का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि गाय को राष्ट्रीय पशु का दर्जा मिलने से समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा और राष्ट्रीय एकता को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में शामिल लोगों का कहना था कि समाज में सौहार्द और आपसी सम्मान की भावना को बढ़ावा देकर ही विभिन्न मुद्दों का स्थायी समाधान संभव है। उन्होंने गौवंश संरक्षण और सामाजिक समरसता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।
आयोजकों के अनुसार अभियान के दौरान सैकड़ों हस्ताक्षर एकत्र किए गए हैं। इन हस्ताक्षरों को संकलित कर जल्द ही प्रधानमंत्री कार्यालय को भेजा जाएगा ताकि इस मांग पर विचार किया जा सके।
पूरे कार्यक्रम के दौरान शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल देखने को मिला। विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने इसमें भाग लेकर सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश दिया। अभियान के समापन पर उपस्थित लोगों ने गौवंश संरक्षण और राष्ट्रीय हित के मुद्दों पर जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया।
