Spread the love

 

रायपुर, 23 जुलाई 2026। NEET-UG 2026 परीक्षा से जुड़े कथित पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने के विरोध में आम आदमी पार्टी (छत्तीसगढ़) ने गुरुवार को राजधानी रायपुर में अंबेडकर चौक से शहीद भगत सिंह चौक (शंकर नगर) तक कैंडल मार्च निकाला। प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग की।

पार्टी नेताओं ने दावा किया कि पिछले कई वर्षों में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाओं ने लाखों छात्रों का भरोसा कमजोर किया है। उनका कहना था कि परीक्षा रद्द होने और भविष्य को लेकर बनी अनिश्चितता से छात्रों और अभिभावकों में गहरी चिंता और मानसिक तनाव का माहौल है।

आम आदमी पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर लंबे समय से छात्र और युवा आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन उनकी मांगों पर अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। पार्टी का कहना है कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मामलों में सरकार को संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ निर्णय लेना चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं ने कथित रूप से NEET पेपर लीक प्रकरण से जुड़े छात्रों की मौतों पर दुख व्यक्त किया और प्रभावित परिवारों के लिए उचित सहायता तथा मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच की मांग की। साथ ही परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए ठोस सुधार लागू करने की भी मांग की गई।

कैंडल मार्च में सूरज उपाध्याय, विजय झा, नंदन सिंह, अनुषा जोसेफ, मंजू गलपत, स्वाति तिवारी, अनुराधा शुक्ला, मिहिर कुर्मी, परमानंद जांगड़े, विजय गुरुबक्शानी, इमरान खान, सागर क्षीरसागर, पवन सक्सेना, नौशाद अली, मिथलेश साहू, विजय देवांगन, श्याम शर्मा, विकास दास मानिकपुरी, बलवंत सिंह, एम.एम. हैदरी, आर.एस. ठाकुर, शिव शर्मा, सुरेंद्र बिसेन, महेंद्र बिसेन, सनोज दास, आबिदा खान, महेश तिवारी, संतोष कुशवाहा, मनीष मेश्राम, पलविंदर सिंह पन्नू, सुभाष, सुमन, रामाधार यादव, नरेंद्र ठाकुर, पुनारद निषाद, रघुनाथ, पूरन तांडी, भागवत टंडन सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।