Spread the love

 

महासमुंद। नेशनल हाईवे-53 स्थित झलप-ढाक टोल प्लाजा क्षेत्र में सड़क पर खुलेआम घूमते और बैठे मवेशियों को लेकर स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि वाहन चालकों से नियमित रूप से टोल शुल्क वसूला जाता है, लेकिन हाईवे को सुरक्षित और बाधारहित बनाए रखने की दिशा में पर्याप्त व्यवस्था दिखाई नहीं देती।

स्थानीय लोगों के अनुसार, हाल ही में एक गाय तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद एक बार फिर हाईवे पर मवेशियों की समस्या चर्चा का विषय बन गई है। लोगों का कहना है कि इससे पहले भी इस क्षेत्र में मवेशियों की वजह से दुर्घटनाएं होने की घटनाएं सामने आती रही हैं।

कुछ स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों ने आरोप लगाया है कि टोल प्रबंधन द्वारा सड़क से मवेशियों को हटाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने टोल प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों से इस दिशा में त्वरित कार्रवाई की मांग की है।

लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क से मवेशियों को हटाने और यातायात सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में गंभीर सड़क हादसे हो सकते हैं।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा हाईवे पर सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।