Spread the love

 

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के वरिष्ठ युवा पत्रकार डॉ. अभिषेक बेनर्जी को नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित एक सम्मान समारोह में ‘अंतरराष्ट्रीय पत्रकारिता सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान नेपाल सरकार के बागमती प्रदेश के उद्योग, पर्यटन, श्रम एवं यातायात मंत्री सुरेश श्रेष्ठ ने प्रदान किया।

आयोजकों के अनुसार, डॉ. बेनर्जी को भारत और नेपाल के बीच पत्रकारिता तथा सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने के बाद उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल सूचना का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने भारत-नेपाल के बीच आपसी सहयोग और मित्रता को मजबूत बनाने में पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी जोर दिया।

इस अवसर पर नारायणपुर से सूरज सरकार, मुकेश सिंह और अनुज जोशी भी समारोह में उपस्थित रहे। डॉ. बेनर्जी लंबे समय से बस्तर क्षेत्र और आदिवासी समाज से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं।

उनकी इस उपलब्धि पर प्रदेश के वन मंत्री केदार कश्यप, सांसद महेश कश्यप सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।