Spread the love

 

प्रयागराज। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को प्रयागराज में आयोजित छात्र कार्यक्रम के दौरान केंद्र की भाजपा सरकार और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने देश की व्यवस्था और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार पर सवाल उठाए।

राहुल गांधी ने अपने संबोधन में आरोप लगाया कि देश की व्यवस्था पर कुछ चुनिंदा लोगों का प्रभाव बढ़ रहा है। उन्होंने BJP, RSS और उद्योगपति गौतम अडानी का नाम लेते हुए कहा कि इनका सिस्टम पर नियंत्रण है।

छात्रों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने युवाओं की भूमिका पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत की बड़ी युवा आबादी देश की सबसे बड़ी ताकत है और युवाओं के पास मौजूद डेटा तथा उनकी क्षमता आने वाले समय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

राहुल गांधी का यह बयान ऐसे समय आया है जब छात्र और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दे राजनीतिक बहस के केंद्र में हैं। प्रयागराज में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र और परीक्षा अभ्यर्थी शामिल हुए।

राहुल गांधी के बयान के बाद BJP और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं। कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने युवाओं, रोजगार और शिक्षा से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया।