रायपुर। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर सर्व आदिवासी समाज छत्तीसगढ़ की ओर से 9 अगस्त को गरियाबंद में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद और राष्ट्रीय नेता संजय सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रभारी, दिल्ली के पूर्व मंत्री एवं वर्तमान विधायक मुकेश अहलावत भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। इसके अलावा पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी और बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों के कार्यक्रम में शामिल होने की जानकारी दी गई है।
आयोजकों के मुताबिक, कार्यक्रम में आदिवासी समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। जल, जंगल और जमीन पर अधिकार, समाज की समस्याओं तथा लंबे समय से लंबित मांगों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य आदिवासी समाज के मुद्दों और अधिकारों को व्यापक मंच पर उठाना है। पार्टी ने प्रदेशवासियों से कार्यक्रम में शामिल होकर आदिवासी समाज के अधिकारों की आवाज को मजबूती देने की अपील की है।
जानकारी के अनुसार, संजय सिंह 8 अगस्त की रात करीब 9 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। 9 अगस्त को सुबह 9 बजे नवा रायपुर स्थित नवीन विश्राम गृह में मीडिया से बातचीत करेंगे। इसके बाद सुबह करीब 9:30 बजे नवा रायपुर से रैली गरियाबंद के लिए रवाना होगी।
गरियाबंद में दोपहर करीब 3 बजे आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में संजय सिंह शामिल होंगे।
