Spread the love

 

रायपुर। देवेंद्र नगर स्थित गुजराती स्कूल में आयोजित कार्यक्रम को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। जिला हुसैनी सेना के प्रतिनिधिमंडल ने स्कूल प्रबंधन, प्राचार्य और कार्यक्रम में शामिल काजल ‘हिन्दुस्तानी’ के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर विभिन्न अधिकारियों और संस्थाओं से शिकायत की है।

संगठन के मुताबिक, प्रतिनिधिमंडल ने देवेंद्र नगर थाने में शिकायत देकर मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग की। इसके बाद अल्पसंख्यक आयोग छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा से मुलाकात कर स्कूल परिसर में विद्यार्थियों की मौजूदगी में कथित तौर पर सांप्रदायिक नारे लगवाने और मुस्लिम महिलाओं तथा इस्लाम धर्म के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने की शिकायत की गई।

हुसैनी सेना ने छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज से भी मुलाकात कर मामले में कार्रवाई की मांग रखी। संगठन का कहना है कि प्रदेश में सामाजिक सद्भाव और कौमी एकता को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर रोक लगनी चाहिए।

संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस प्रशासन द्वारा कथित मामले में कार्रवाई नहीं की गई तो वह स्कूल के खिलाफ आंदोलन करेगा। साथ ही स्कूल शिक्षा विभाग के मंत्री से मुलाकात कर स्कूल की मान्यता रद्द करने की मांग करने की बात कही गई है।

फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच और स्कूल प्रबंधन तथा संबंधित पक्षों के आधिकारिक बयान के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

#RaipurNews #ChhattisgarhNews #Raipur #GujaratiSchool #MinorityCommission #WaqfBoard #SchoolControversy #LatestNews #BreakingNews #HussainiSena