रायपुर। राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में ज्वेलरी दुकान में चोरी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। चोरों ने शटर या ताला तोड़ने के बजाय दुकान की पिछली दीवार में सेंध बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।
घटना रामनगर स्थित श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स की है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पहले दुकान की रेकी की। इसके बाद 26-27 सितंबर की रात दीवार में आधा छेद किया और वहां से लौट गए। दो दिन बाद आरोपी दोबारा पहुंचे और छेद को बड़ा करके दुकान के अंदर दाखिल हुए।
चोरी का पता तब चला जब दुकान संचालक सुबह दुकान खोलने पहुंचे। अंदर सामान बिखरा हुआ था और दीवार में बड़ा छेद दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज और तकनीकी जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से करीब 14.5 लाख रुपये के सोने-चांदी और अन्य आभूषण तथा वारदात में इस्तेमाल वाहन बरामद किए गए हैं।
पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश के साथ पूरे मामले की आगे की जांच कर रही है।
