बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में सोमवार को एक 22 वर्षीय युवती पर एसिड से हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवती पढ़ाई के लिए लाइब्रेरी गई थी और वहां से घर लौटते समय सिंचाई कॉलोनी क्षेत्र में एक युवक ने कथित तौर पर उस पर एसिड फेंक दिया।
हमले में युवती के चेहरे, आंख के आसपास और शरीर के दाहिने हिस्से में गंभीर चोटें आई हैं। आसपास मौजूद लोगों ने उसे तत्काल बालोद जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि युवती प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी और वह एक पुलिसकर्मी की बेटी है। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार आरोपी वारदात के बाद मौके से पैदल फरार हुआ। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस आरोपी की पहचान और हमले के पीछे की वजह पता करने में जुटी है।
फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
