रायपुर. भाटापारा पुलिस की “समाधान सेल” को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आईपीएल क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले एक आरोपी सटोरिया को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, समाधान सेल हेल्पलाइन नंबर पर लगातार मिल रही सूचनाओं के आधार पर अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में एक सूचना प्राप्त हुई थी कि रेलवे स्टेशन भाटापारा के पास एक व्यक्ति मोबाइल के माध्यम से आईपीएल मैचों में ऑनलाइन सट्टा चला रहा है।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और आरोपी को रंगे हाथों सट्टा का हिसाब-किताब करते हुए पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन, नगद ₹5780 तथा मोबाइल में आईपीएल मैचों पर लगाए गए ऑनलाइन सट्टे के स्क्रीनशॉट बरामद किए गए हैं, जिन्हें पुलिस ने जप्त कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजय बतरा (उम्र 44 वर्ष) निवासी गब्बर कॉलोनी, मातादेवालय वार्ड, भाटापारा थाना भाटापारा शहर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जुआ एक्ट एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि “समाधान सेल” हेल्पलाइन नंबर की मदद से लगातार अपराधियों की धरपकड़ की जा रही है, जिससे क्षेत्र में अपराध नियंत्रण में सफलता मिल रही है।
👉 अपील:
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की शिकायत, सूचना अथवा अपराधिक गतिविधियों की जानकारी “समाधान सेल” हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर अवश्य दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।
