Spread the love

 

राजनांदगांव: छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। बस्तर क्षेत्र में सक्रिय रही माओवादी उर्मिला उर्फ टेटकी (28) ने आत्मसमर्पण कर दिया है। वह बुधवार शाम पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची, जहां गुरुवार को पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में उसका औपचारिक आत्मसमर्पण कराया जाएगा।

उर्मिला मूल रूप से मानपुर ब्लॉक के मुंजाल गांव की रहने वाली है और पिछले करीब 13 वर्षों से सशस्त्र माओवादी संगठन के साथ जुड़ी हुई थी। पुलिस के अनुसार, वह जिले की आखिरी सक्रिय माओवादी कैडर मानी जा रही है।

कम उम्र में हुई थी भर्ती
उर्मिला ने बताया कि महज 15 वर्ष की उम्र में डीवीसीएम जंगू उसे अपने साथ बस्तर के कोयलीबेड़ा इलाके में ले गया था, जहां उसे संगठन में शामिल कर लिया गया। इसके बाद वह लगातार माओवादी गतिविधियों में सक्रिय रही।

हार्डकोर माओवादियों से संपर्क
उसने खुलासा किया कि करीब डेढ़ महीने पहले उसकी मुलाकात डीवीसीएम चंदर और एसीएम रुपी से कांकेर के जंगलों में हुई थी। बाद में एक मुठभेड़ में रुपी मारी गई, जबकि चंदर अब भी अपने साथियों के साथ बस्तर में सक्रिय बताया जा रहा है।

बिना हथियार के पहुंची अपने जिले
उर्मिला कुछ दिनों पहले बिना हथियार के ही जंगल के रास्ते बस्तर से निकलकर मोहला की ओर आई। पैदल सफर करते हुए वह मानपुर के जंगलों तक पहुंची, जहां से उसके आत्मसमर्पण की प्रक्रिया शुरू हुई। वह अपने गृह जिले में ही सरेंडर करना चाहती थी
:
उर्मिला का आत्मसमर्पण सुरक्षा बलों के लिए एक बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों पर और लगाम लगने की उम्मीद है।