Purulia। पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में भाजपा के एक कार्यकर्ता की संदिग्ध मौत के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। शुक्रवार सुबह मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कानाली गांव के पास एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया, जिसकी पहचान हाबूलाल गोप (45) के रूप में हुई। वह आड़षा थाना क्षेत्र के बेलडी गांव के रहने वाले थे।
भाजपा नेताओं के अनुसार, हाबूलाल गोप पार्टी के शक्ति केंद्र प्रमुख और सक्रिय कार्यकर्ता थे। परिजनों ने बताया कि वह गुरुवार को एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। अगले दिन उनका शव मिलने की सूचना मिली।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवार ने आरोप लगाया है कि हाबूलाल गोप की सुनियोजित तरीके से हत्या की गई है। परिजनों का कहना है कि उनकी राजनीतिक सक्रियता के कारण उन्हें निशाना बनाया गया हो सकता है।
भाजपा युवा मोर्चा और जिला नेतृत्व ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के कारणों का खुलासा हो सके।
