East Champaran। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के ढाका प्रखंड स्थित बड़हरवा फतेह मोहम्मद गांव में शुक्रवार देर रात एक दो मंजिला होलसेल जनरल स्टोर में भीषण आग लग गई। हादसे में दो मासूम बच्चों समेत तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी इमारत उसकी चपेट में आ गई। आग लगने के बाद दुकान में रखा किराना और अन्य सामान धू-धू कर जलने लगा। हादसे में दुकानदार राजकुमार साह के पुत्र रुद्र कुमार, पुत्री सृष्टि और दुकान के कर्मचारी प्रिंस कुमार की मौत हो गई।
बताया गया कि घटना आधी रात के बाद हुई, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग लगातार बढ़ती चली गई। सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की कई गाड़ियां और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घंटों की मशक्कत के बाद शनिवार सुबह आग पर काबू पाया गया।
प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं तथा आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
सिकरहना डीएसपी Uday Shankar ने बताया कि दमकल टीम ने कड़ी मेहनत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
