रायपुर। रुद्र सेना के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद आलोक पांडे के नेतृत्व में संगठन की पहली बड़ी प्रदेश स्तरीय बैठक 15 मई को आयोजित की जाएगी। यह अहम बैठक नर्मदा कुंड रेलवे स्टेशन रोड स्थित परिसर में होगी, जिसमें प्रदेश के 32 जिलों से कार्यकर्ता, पदाधिकारी और धर्मावलंबी शामिल होंगे। संगठन की इस बैठक को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष आलोक पांडे ने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को प्रदेशभर में मजबूत और सक्रिय बनाना है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में रुद्र सेना गांव-गांव तक अपनी पहुंच बढ़ाने के लिए अभियान चलाएगी। इसके तहत प्रत्येक जिले में नई टीमों का गठन किया जाएगा और युवाओं को संगठन से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
बैठक में संगठन विस्तार, आगामी सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों तथा जनजागरण गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी। साथ ही प्रदेश स्तर पर संगठन की नई रणनीति और कार्ययोजना भी तैयार की जाएगी।
इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ निड़वाड़ी अखाड़ा के प्रमुख सुरेंद्र दास महाराज और धर्म स्तंभ काउंसिल के सौरभ निर्वाणी की विशेष उपस्थिति रहेगी। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि उनके मार्गदर्शन से रुद्र सेना को सामाजिक और धार्मिक स्तर पर नई दिशा मिलेगी।
रुद्र सेना के वरिष्ठ सदस्यों के अनुसार यह बैठक संगठन के इतिहास की सबसे बड़ी बैठकों में से एक मानी जा रही है, क्योंकि पहली बार प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एक मंच पर एकत्रित होंगे। संगठन का मानना है कि इससे कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय मजबूत होगा और आगामी गतिविधियों को गति मिलेगी।
प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद आलोक पांडे लगातार संगठन को सक्रिय करने में जुटे हुए हैं। उनके नेतृत्व में कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा देखने को मिल रही है। संगठन से जुड़े लोगों का कहना है कि रुद्र सेना आने वाले समय में सामाजिक, धार्मिक और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाएगी।
बैठक को सफल बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। आयोजन स्थल पर बैठक व्यवस्था, स्वागत और कार्यकर्ताओं की सुविधाओं के लिए अलग-अलग टीमों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रदेशभर से आने वाले कार्यकर्ताओं के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। संगठन की ओर से सभी कार्यकर्ताओं और धर्मावलंबियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।
