Spread the love

सरगुजा। अंबिकापुर जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे-130 पर कुंवरपुर मोड़ के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर करीब 40 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और राहत दल को घटना की सूचना दी।

जानकारी के अनुसार कार रायपुर से उत्तरप्रदेश की ओर जा रही थी। इसी दौरान कुंवरपुर मोड़ के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना गंभीर था कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन में सवार युवक अंदर ही फंस गया।

सूचना मिलते ही लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद घायल युवक को कार से सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायल की पहचान अभिषेक पांडे पिता अजय पांडे के रूप में हुई है। उसका स्थायी पता भदोही, उत्तरप्रदेश बताया गया है, जबकि वह वर्तमान में रायपुर के कबीर नगर क्षेत्र में रह रहा था।

घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लखनपुर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। युवक की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। वहीं दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।