छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जमीन सीमांकन को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। करतला थाना क्षेत्र के नोनबिर्रा गांव में सीमांकन कार्य के दौरान ग्रामीणों ने राजस्व निरीक्षक (RI) और हल्का पटवारी को करीब दो घंटे तक बंधक बनाकर रखा।
जानकारी के अनुसार, नायब तहसीलदार के आदेश पर राजस्व टीम गांव में एक जमीन का सीमांकन करने पहुंची थी। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने अधिकारियों पर गलत नापजोख और पैसे लेकर सीमांकन करने का आरोप लगाया। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्साए लोगों ने अधिकारियों की गाड़ी रोक दी और उन्हें वहां से जाने नहीं दिया।
पटवारी भरत चौहान की शिकायत पर पुलिस ने संतराम, लीलाधर पटेल, हरिराम और हुकुमचंद पटेल समेत चार लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, धमकी और बंधक बनाने जैसी धाराओं में मामला दर्ज किया है।
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान एक ग्रामीण ने आत्महत्या की धमकी भी दी, जिससे मौके पर तनाव और बढ़ गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
