Spread the love

कोरबा जिले के रजगामार क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। दरगा गांव से लगे सुआपहाड़ जंगल में बुधवार को एक नर कंकाल पेड़ से लटका मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। कंकाल लुंगी के सहारे पेड़ पर झूल रहा था। ग्रामीणों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही रजगामार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। परिजनों को बुलाकर पहचान कराई गई, जहां कपड़ों और पास में मिले सामान के आधार पर मृतक की पहचान 45 वर्षीय मान सिंह के रूप में हुई। मान सिंह दरगा गांव का रहने वाला था और खेती-किसानी का काम करता था।

परिजनों के अनुसार मान सिंह होली के बाद मार्च महीने से अचानक लापता हो गया था। काफी तलाश और रिश्तेदारों से पूछताछ के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला था। बाद में परिवार ने थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

बताया जा रहा है कि कंकाल घने जंगल और पहाड़ी इलाके में करीब 25 किलोमीटर अंदर मिला। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या से जुड़ा माना जा रहा है, हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी।

घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि मान सिंह शांत और मिलनसार स्वभाव का व्यक्ति था तथा उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। लंबे समय तक लापता रहने के बाद इस तरह कंकाल मिलने से गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच में जुटी हुई है।