Spread the love

रायपुर, 13 मई 2026। NEET पेपर लीक मामले को लेकर Aam Aadmi Party छत्तीसगढ़ ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष उत्तम जायसवाल ने कहा कि यह मामला देश के लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है और इसमें बड़े स्तर पर राजनीतिक संरक्षण एवं मिलीभगत दिखाई देती है।

उन्होंने आरोप लगाया कि 2017, 2021, 2024 और अब 2026 में लगातार NEET पेपर लीक होना शिक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। जायसवाल ने कहा कि परीक्षा से कई घंटे पहले सोशल मीडिया और व्हाट्सएप पर प्रश्नपत्र बिकने की खबरें सामने आईं, लेकिन तंत्र को इसकी भनक तक नहीं लगी।

AAP नेता ने कहा कि लाखों छात्रों ने पूरे साल मेहनत की, लेकिन पेपर लीक ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। उन्होंने दावा किया कि पिछले दस वर्षों में कई राष्ट्रीय परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हुए और अनेक परीक्षाएं दोबारा करानी पड़ीं, लेकिन दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई।

पार्टी ने केंद्र सरकार से मांग की है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री तत्काल नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें, छात्रों को मुआवजा दिया जाए और पूरे मामले की जांच के लिए संयुक्त संसदीय समिति (JPC) गठित की जाए। AAP ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।