।
भारतीय जनता मजदूर ट्रेड यूनियन काउंसिल (BJMTUC) ने देशभर में मजदूरों के शोषण के खिलाफ सख्त अभियान चलाने की घोषणा की है। संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सी एल शर्मा ने कहा कि किसी भी श्रमिक के साथ अन्याय और उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए यूनियन हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
नवनियुक्त राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सी एल शर्मा ने अपनी नियुक्ति पर आभार जताते हुए कहा कि BJMTUC संगठित और असंगठित क्षेत्र के मजदूरों के हितों के लिए लगातार कार्य कर रही है। संगठन का उद्देश्य श्रमिकों को उचित वेतन, सामाजिक सुरक्षा और कानूनी सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि उनके सामाजिक और आर्थिक जीवन में सुधार लाया जा सके।
उन्होंने कहा कि कार्यस्थलों पर मजदूरों का शोषण कई रूपों में देखने को मिलता है। इनमें वेतन भुगतान में देरी, निर्धारित लाभों से वंचित करना, मुआवजा रोकना और कर्मचारियों पर अनुचित दबाव बनाना शामिल है। यूनियन ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित मजदूरों के पक्ष में आवाज उठाएगी।
सी एल शर्मा ने जानकारी दी कि संगठन ने जिला स्तर तक कार्यकारिणी का गठन शुरू कर दिया है, जिससे स्थानीय स्तर पर शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि जहां भी मजदूरों के शोषण की सूचना मिलेगी, वहां यूनियन के कार्यकर्ता तत्काल पहुंचकर मजदूर हित में संघर्ष करेंगे।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी उद्योग या व्यक्ति द्वारा मजदूरों का शोषण कर अनुचित लाभ कमाने की कोशिश को सख्ती से रोका जाएगा। संगठन का मानना है कि आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक किसी भी प्रकार का शोषण अस्वीकार्य है और इसके खिलाफ व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।
