छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा क्षेत्र में तेंदूपत्ता से भरे एक ट्रक में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरा ट्रक धू-धू कर जलने लगा। हादसे में ट्रक और उसमें भरा लाखों रुपए का तेंदूपत्ता पूरी तरह नष्ट हो गया।
जानकारी के अनुसार ट्रक सोनपुर समिति का तेंदूपत्ता लेकर कोयलीबेड़ा मार्ग से नारायणपुर की ओर जा रहा था। रास्ते में अचानक ट्रक से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग भड़क उठी। स्थानीय लोगों और चालक ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तेंदूपत्ता अत्यधिक ज्वलनशील होने के कारण आग तेजी से फैल गई।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह बिजली तार से निकली चिंगारी या तकनीकी खराबी बताई जा रही है। बताया गया कि ट्रक का ऊपरी हिस्सा बिजली तार के संपर्क में आ गया था, जिससे स्पार्किंग हुई और आग लग गई। घटना के समय चालक और मजदूरों ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली।
घटना की सूचना मिलते ही कोयलीबेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। हालांकि तब तक पूरा वाहन और करीब 300 बोरा तेंदूपत्ता जलकर राख हो चुका था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
